पानीपत | जिले के पुराने औद्योगिक थाना क्षेत्र की हरिनगर कच्चा कैंप कॉलोनी में रविवार देर रात शराब ठेकेदार पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। गंभीर घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए ठेकेदार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक ने क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब कारोबार का विरोध किया था, जिसके चलते विवाद बढ़ गया और वारदात को अंजाम दिया गया।
अवैध शराब रोकने पर हुआ था झगड़ा
मृतक की पहचान सिद्धार्थ नगर निवासी चरणजीत के रूप में हुई है, जो कच्चा कैंप कॉलोनी स्थित शराब ठेके का साझेदार था। चरणजीत के साले ने पुलिस को बताया कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही थी। इस पर रोक लगाने की कोशिश में चरणजीत की स्थानीय युवकों सचिन और मोंटी से कहासुनी हुई थी। दोनों आरोपी रविवार रात उसके घर आए और बहस के दौरान चाकू से गोदकर फरार हो गए।
दोस्ती से दुश्मनी तक पहुंचा मामला
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि चरणजीत और आरोपी सचिन पहले अच्छे दोस्त थे। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आखिर अवैध शराब को लेकर विवाद इतना बढ़ा कैसे कि खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे और भी कारण हो सकते हैं, जिनकी छानबीन जारी है।
आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित
वारदात की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंच गए। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन सीआईए यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त चार टीमें बनाई गई हैं। कई ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।