रेवाड़ी। शहर में रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की शहर के बीचों-बीच शिनाख्त परेड करवाई। यह परेड पोसवाल चौक क्षेत्र में निकाली गई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और आरोपियों के वीडियो बनाते नजर आए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने “रेवाड़ी पुलिस जिंदाबाद” के नारे भी लगाए।
दरअसल, 26 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने पोसवाल चौक स्थित एक ट्रांसपोर्टर के दफ्तर में घुसकर दहशत फैला दी थी। आरोपियों ने पिस्टल तानकर ट्रांसपोर्ट ठेके में हिस्सेदारी की मांग की और ऐसा न करने पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर को गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रवि निवासी गांव मुंडनवास (बोल थाना क्षेत्र) सहित तीन अन्य आरोपियों को उसी रात दबोच लिया। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मॉडल टाउन थाने की पुलिस ने अंबेडकर चौक से माता चौक होते हुए पोसवाल चौक तक शिनाख्त परेड निकाली। इस कार्रवाई के दौरान डीएसपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण भी टीम के साथ मौजूद रहे।