जोधपुर } राजस्थान के जोधपुर में आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध आतंकवादियों को हिरासत में लिया। इन पर अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से संबंध और फंडिंग नेटवर्क से जुड़ाव के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, एटीएस की टीम ने जोधपुर संभाग में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान दो संदिग्धों को जोधपुर और एक को जैसलमेर से पकड़ा गया। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छापेमारी अभियान अब भी जारी है और टीम संदिग्धों के नेटवर्क, डिजिटल डिवाइस और फंडिंग सोर्स की जांच कर रही है। फिलहाल एटीएस ने संदिग्धों की पहचान गुप्त रखी है, ताकि जांच पर असर न पड़े।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध विदेशी हैंडलर्स से ऑनलाइन संपर्क में थे, जिनसे उन्हें आर्थिक सहायता और निर्देश मिलते थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इन लिंक्स की पड़ताल कर रही हैं।