पंचकूला | हरियाणा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक से तीन नवंबर तक पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित यवनिका गार्डन में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में राज्य की संस्कृति, कला और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी और थीम-आधारित कार्यक्रम शामिल होंगे।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक नवंबर को सुबह 10 बजे समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने शुक्रवार को यवनिका गार्डन का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि यह आयोजन हरियाणा की संस्कृति, उपलब्धियों और एकता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने पंचकूला के नागरिकों से अपील की कि वे परिवार सहित समारोह में शामिल होकर हरियाणा की गौरवशाली यात्रा के साक्षी बनें।