पानीपत | दिल्ली से फिरोजपुर कैंट के बीच चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 8 नवंबर से शुरू होगा। इस रूट पर ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र और अंबाला कैंट स्टेशनों पर ठहरेगी। खास बात यह है कि पानीपत स्टेशन पर यह ट्रेन पहली बार रुकेगी।
यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन चलेगी। दिल्ली की ओर जाते समय यह सुबह 11:58 बजे अंबाला कैंट, 12:28 बजे कुरुक्षेत्र और 1:05 बजे पानीपत पहुंचेगी। वहीं, फिरोजपुर कैंट लौटते वक्त यह दिल्ली से शाम 4 बजे रवाना होकर, पानीपत में शाम 5 बजे, कुरुक्षेत्र में 5:40 बजे और अंबाला कैंट में 6:30 बजे पहुंचेगी।
रेलवे के वाणिज्यिक प्रबंधन निरीक्षक (सीएमआई) मुकेश बोर्ड ने बताया कि पानीपत में ट्रेन के ठहराव को लेकर आधिकारिक पत्र जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशी एक्सपोर्टर्स और स्थानीय उद्योगपतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि पानीपत के उद्योग जगत की यह लंबे समय से मांग थी। तत्कालीन सांसद संजय भाटिया ने भी संसद में इस विषय को उठाया था, जिसके बाद अब यह मांग पूरी होती नजर आ रही है।