बोस्निया | बोस्निया के उत्तरपूर्वी शहर तुजला में मंगलवार को एक आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आग इमारत की ऊपरी मंजिल पर लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
कैंटोनल नेता इरफान हालिलागिक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कई लोगों की जान गई है, हालांकि मृतकों की सही संख्या की पुष्टि अभी नहीं की गई है। उन्होंने कहा, “हम प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक ठिकाने की व्यवस्था कर रहे हैं।”
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि देर रात अचानक तेज धमाका सुनाई दिया, जिसके बाद ऊपरी मंजिलों से आग की लपटें उठने लगीं। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत को पूरी तरह खाली कराया।
स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं। शुरुआती अनुमान है कि हादसा शॉर्ट सर्किट या गैस विस्फोट की वजह से हुआ हो सकता है।