लुधियाना। थाना लाडोवाल पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दोनों को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल अवस्था में काबू कर लिया गया।
इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम जालंधर बाईपास इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक टोल प्लाज़ा के पास अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को रुकने का संकेत दिया।
पुलिस के रुकने के इशारे पर आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में एक गोली पुलिस के सरकारी वाहन पर आकर लगी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू पुत्र हनुमान प्रसाद, निवासी गांव शेरेवाला, फाजिल्का और रामलाल पुत्र अमरचंद, निवासी गंगानगर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।