दिल्ली | दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट केस की जांच में बड़ा मोड़ आया है। सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी आतंकी आदिल के फोन से डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट को रिकवर किया है, जिसमें वह बार-बार पैसों की मांग करता हुआ दिखाई दे रहा है। एजेंसियों को शक है कि यह रकम हमले की तैयारी में इस्तेमाल की जानी थी।
सूत्रों के अनुसार, रिकवर की गई चैट 5, 6, 7 और 9 सितंबर की है। इन चैट्स में आदिल बेहद परेशान दिख रहा है और कई बार पैसे भेजने की गुहार लगा रहा है। जांच टीम का मानना है कि यही एडवांस सैलरी हमले की साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
आदिल के पास थी पैसों की जिम्मेदारी
जांच में गिरफ्तार एक अन्य आतंकी मुज़म्मिल ने खुलासा किया कि आदिल को संगठन का ‘कोषाध्यक्ष’ बनाया गया था। मुज़म्मिल के मुताबिक, दिल्ली ब्लास्ट ऑपरेशन में कुल 26 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें से 8 लाख रुपये का इंतजाम खुद आदिल ने किया था।
मुज़म्मिल ने बताया कि आतंकी मॉड्यूल में फंडिंग का बड़ा हिस्सा आदिल ही संभालता था और हमले की तैयारी से पहले लगातार पैसों की मांग उसी वजह से बढ़ी थी।
साजिश से जुड़ी कड़ियां जुड़ने लगीं
एजेंसियों को शक है कि चैट में पैसों की मांग और हमले की साजिश के बीच सीधा संबंध है। फोन से मिली इन चैट्स को अब फॉरेंसिक टीम द्वारा गहराई से जांचा जा रहा है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि बरामद चैट्स और मुज़म्मिल के बयान से यह साफ होता है कि ब्लास्ट के लिए आर्थिक मदद और प्रबंधन का जिम्मा आदिल के पास ही था।
एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि पैसों का ट्रांज़ैक्शन किन चैनलों से हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।