सोनीपत। हरियाणा एसटीएफ ने अपराध जगत में सक्रिय रोहित गोदारा गैंग के नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए सात शूटरों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान टीम ने आरोपियों से आठ पिस्टल और 200 जिंदा कारतूस बरामद किए, जिनका इस्तेमाल बड़ी आपराधिक वारदातों में किया जाना था।
कई राज्यों से जुड़े आरोपी
गिरफ्तार शूटरों का सीधा लिंक हरियाणा सहित उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब राज्यों से है, जिससे गैंग के इंटर-स्टेट नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- रोहित, निवासी कटवाल गांव, सोनीपत
- मोहम्मद साजिद, मूल निवासी रसूलपुर, सहारनपुर (UP), वर्तमान में जीरकपुर (पंजाब)
- मानव कुमार, निवासी खगरिया (बिहार), हाल पता लुधियाना बाईपास
- विकास पाल, गोरखपुर (UP), वर्तमान पता लुधियाना
- हैप्पी, निवासी बूटगढ़ (पटियाला)
- जबरजंग, निवासी संजय कॉलोनी, पटियाला
- विजय, निवासी खेड़ी गुर्जर, मोहाली
गैंग की बड़ी साजिश नाकाम
एसटीएफ का कहना है कि ये शूटर प्रदेश में गैंगवार और सुपारी किलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में थे। बड़ी मात्रा में हथियार बरामद होने से स्पष्ट है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।
जांच जारी, और भी गिरफ्तारियां संभव
एसटीएफ टीम अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लाई चेन और फंडिंग नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।