चंडीगढ़ | पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य सरकार से मुफ्त राशन योजना के लगभग 24 लाख लाभार्थियों के भविष्य को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। केंद्र सरकार ने इस योजना के लाभार्थियों की सत्यापन प्रक्रिया के संबंध में आगे जांच के संकेत दिए हैं।
लोकसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई भंभानिया ने जानकारी दी कि पंजाब में कुल 40,93,003 राशन कार्ड के मुकाबले राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत राज्य में 1.51 करोड़ लाभार्थी दर्ज हैं।
वड़िंग ने बताया कि लगभग 20,69,338 लाभार्थियों की e-KYC प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा सत्यापन में देरी को लेकर चिंता जताई और पूछा कि दो लाख से अधिक लाभार्थियों को सूची से क्यों हटाया गया। उनका कहना था कि सरकार का कर्तव्य है कि कोई अयोग्य व्यक्ति मुफ्त राशन का लाभ न ले और सभी योग्य लाभार्थियों को सुविधा मिलती रहे।