नारनौल। जाट गुवाना टोल प्लाजा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से आ रही एक सीएनजी कार टोल प्लाजा की ओर गलत दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सामने से नारनौल की तरफ से आ रहे एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी गाड़ी में फैल गई। आग की चपेट में आने से कार सवार तीनों युवक बाहर नहीं निकल सके और वाहन के अंदर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक युवक नीरपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि अन्य दो युवक नारनौल के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।