कनाडा | कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर गहरा गई है। भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या के कुछ ही दिनों बाद अब टोरंटो में 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबरो कैंपस (UTSC) के पास हुई, जिससे छात्रों और खासकर भारतीय समुदाय में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
टोरंटो पुलिस के अनुसार यह वारदात मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे हाइलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड इलाके में हुई, जो यूनिवर्सिटी कैंपस के बेहद नजदीक है। फायरिंग के दौरान शिवांक अवस्थी को गोली लगी और मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने मृतक की पहचान टोरंटो निवासी शिवांक अवस्थी (20 वर्ष) के रूप में की है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के छात्र थे या नहीं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने शिवांक की तस्वीर जारी करते हुए आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो का स्कारबरो कैंपस कुछ समय के लिए सील कर दिया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने और बाहर न निकलने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हाइलैंड क्रीक वैली की ओर जाने वाले रास्तों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया था। हालात की समीक्षा के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि फिलहाल कैंपस को कोई सीधा खतरा नहीं है, जिसके बाद सभी प्रतिबंध हटा लिए गए।
टोरंटो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जेफ एलिंगटन ने कहा कि फिलहाल ऐसे कोई संकेत नहीं हैं, जिनसे यह लगे कि आम जनता के लिए खतरा बना हुआ है। पुलिस को आशंका है कि यह एक लक्षित हमला हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इससे पहले टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार यह वारदात 19 और 20 दिसंबर की दरम्यानी रात की है। 19 दिसंबर की रात करीब 10:41 बजे स्ट्राचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से एक मिसिंग पर्सन की सूचना मिली थी। इसके बाद 20 दिसंबर की सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को एक रिहायशी मकान के अंदर महिला का शव मिला, जिसे जांच के बाद हत्या करार दिया गया।
पुलिस ने मृतका की पहचान टोरंटो निवासी भारतीय मूल की हिमांशी खुराना (30 वर्ष) के रूप में की है। इस मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में यह टोरंटो की 41वीं हत्या है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कनाडा में रह रहे भारतीय छात्रों, कामकाजी युवाओं और परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। भारतीय समुदाय स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।