फरीदाबाद | फरीदाबाद में नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकाया वसूली को लेकर बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। निगम ने एक लाख रुपये से अधिक टैक्स बकाया रखने वाले 50 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की है, जिनके खिलाफ मंगलवार से सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी।
नगर निगम की ओर से यह अभियान शहर के सभी पांच जोन में एक साथ चलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अलग-अलग चरणों में सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी, ताकि बड़े बकायेदारों से समय पर राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
इस सूची में निजी संपत्तियों के साथ-साथ सरकारी कार्यालय और विभाग भी शामिल हैं। हाल ही में बीएसएनएल कार्यालय पर 16 लाख रुपये का बकाया सामने आने पर सीलिंग की गई थी, जिसे टैक्स जमा होने के बाद खोल दिया गया था। इससे साफ है कि कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
निगम अधिकारियों ने बताया कि सीलिंग से पहले सभी बकायेदारों को नोटिस जारी किए जाते हैं। यदि टैक्स बिल में कोई त्रुटि होती है तो संबंधित व्यक्ति या विभाग को निगम मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराने का अवसर दिया जाता है। निर्धारित समय में भुगतान न होने पर संपत्ति को सील कर दिया जाता है।
नगर निगम का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बकाया टैक्स की वसूली के साथ-साथ शहर के विकास कार्यों के लिए जरूरी संसाधन जुटाना है, ताकि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।