करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में फर्जी पहचान के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया पर अलग नाम से प्रोफाइल बनाकर उससे संपर्क किया और धीरे-धीरे विश्वास में लेकर साथ रहने लगा। महिला का आरोप है कि पिछले करीब 16 महीनों के दौरान आरोपी ने उसके साथ शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया। साथ ही, उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
करनाल महिला थाना की इंचार्ज कनुप्रिया ने बताया कि लिखित शिकायत मिलते ही तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में नाबालिग से जुड़े आरोपों के चलते पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस पहचान छुपाने, साथ रहने और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को भी संदर्भित किया गया है। सीडब्ल्यूसी के चेयरपर्सन चंद्रप्रकाश ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग कराई जा रही है और काउंसलिंग के दौरान प्राप्त किसी भी नई जानकारी को पुलिस के साथ साझा किया जाएगा। समिति का उद्देश्य बच्ची की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना है।
फिलहाल आरोपी जेल में है और पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।