Manali, Sanju-:मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कुल्लू जिले के मनाली विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और क्षेत्र के विकास के लिए कुल 63.56 करोड़ रुपये की आठ प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 10.69 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नथाण-जाणा सड़क के उन्नयन कार्य का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने 5.04 करोड़ रुपये की लागत से मनाली-कन्याल सड़क के स्तरोन्नत कार्य और 13.19 करोड़ रुपये की लागत से नाबार्ड के तहत निर्मित बबेली-जिंदौड़ सड़क के उन्नयन कार्य का भी उद्घाटन किया।सुखविन्द्र सुक्खू ने 13.52 करोड़ रुपये की लागत वाले 33/11 केवी जी.आई.एस. विद्युत सब-स्टेशन, आईबैक्स चौक मनाली का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 15 करोड़ रुपये की लागत से रांगडी में ब्यास नदी पर पुल का निर्माण, 2.90 करोड़ रुपये की लागत से रांगड़ी और बटाहर क्षेत्रों में भूस्खलन नियंत्रण उपाय, 1 करोड़ रुपये की लागत से कलाथ में हॉट वाटर स्नान सुविधा तथा 2.22 करोड़ रुपये की लागत से जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बाशिंग, कुल्लू का शिलान्यास भी किया।मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों और नागरिकों से परियोजनाओं के लाभों पर चर्चा की और कहा कि ये विकास कार्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को सशक्त बनाएंगे।