चंडीगढ़ | मनीषा की मौत के मामले में सीबीआई जांच को लेकर जारी असमंजस के बीच शनिवार को गांव ढाणी लक्ष्मण में एक अहम पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में शामिल ग्रामीणों ने अब तक जांच में किसी भी प्रकार के ठोस खुलासे न होने पर नाराजगी जताई और सीबीआई की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
पंचायत के दौरान सर्वसम्मति से एक समिति के गठन का निर्णय लिया गया, जो शीघ्र ही हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मनीषा मौत मामले में जल्द खुलासा करने की मांग करेगी। गठित समिति में गांव ढाणी लक्ष्मण के 11 सदस्यों को शामिल किया गया है, जबकि आसपास के आठ गांवों से भी दो-दो प्रतिनिधियों को समिति में स्थान दिया गया है, ताकि आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल सके।
पंचायत को संबोधित करते हुए मनीषा के पिता संजय ने कहा कि बीते चार महीनों से सीबीआई उनकी बेटी की मौत की जांच कर रही है, लेकिन तमाम रिपोर्ट तैयार होने के बावजूद अब तक सच्चाई सामने नहीं लाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार और ग्रामीण न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ग्रामीणों ने पहले ही सीबीआई को 30 जनवरी तक मामले का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया था। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने न आने पर शनिवार को पंचायत बुलाने का फैसला लिया गया। अब गठित समिति इस मामले में आगे की रणनीति तय करेगी और न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाएगी।