नारनौल I शहर के पटिकरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच देर रात हिंसक झड़प हो गई। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। हमले में राहुल उर्फ चीकू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सोनू नामक युवक को भी चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आए नकाबपोश हमलावरों ने गांव में पहुंचकर हमला किया। घटना के दौरान फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल राहुल उर्फ चीकू हाल ही में एक मामले में जमानत पर बाहर आया था। इस पृष्ठभूमि को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।