जालंधर I पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और सख्ती के दावों के बीच शहर से सामने आई एक नई वीडियो ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जालंधर रेलवे स्टेशन के नजदीक एक युवक के कथित तौर पर नशीला इंजेक्शन लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
वीडियो में युवक को खुलेआम इंजेक्शन लगाते देखा जा सकता है। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद है, जो उसकी सहायता करता नजर आता है। कैमरे का एहसास होते ही दोनों चेहरे छिपाने की कोशिश करते दिखते हैं।
इससे पहले बठिंडा से भी पिछले दिनों तीन अलग-अलग वीडियो सामने आई थीं, जिनमें युवक कथित तौर पर चिट्टा (हेरोइन) का इंजेक्शन लगाते दिखाई दिए थे। संतपुरा रोड स्थित रेलवे लाइनों के पास की एक वीडियो में चार-पांच युवक सुनसान स्थान पर नशा करते नजर आए। इन घटनाओं ने प्रशासनिक दावों की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
युवक वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू महेश्वरी द्वारा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद शहर में हलचल बढ़ गई। इससे पूर्व चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने पुलिस पूछताछ में दावा किया था कि संतपुरा रोड रेलवे लाइनों के आसपास दिनभर नशे की बिक्री खुलेआम होती है। मॉल रोड क्षेत्र से भी इसी प्रकार की एक वीडियो सामने आ चुकी है।
लगातार वायरल हो रही इन घटनाओं से संकेत मिल रहा है कि शहर के कुछ हिस्सों में नशे की गतिविधियां अब भी सक्रिय हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।