पलवल | पलवल जिले में हत्या के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी को हिरासत से छुड़ा लिया और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बस अड्डा चौकी पर तैनात एएसआई रणजीत सिंह को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गांव दीघोट निवासी महेश, थाना मुंडकटी में वर्ष 2025 में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहा है। बताया गया कि आरोपी मुस्कान गार्डन के पास देखा गया है और वह कार से बस अड्डा की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही एएसआई रणजीत सिंह, सिपाही राहुल और एसपीओ पदम सिंह ने अलावलपुर चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी की कार को रुकवाया। पुलिस ने महेश को काबू कर लिया, लेकिन इसी दौरान कार में बैठी एक महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला ने फोन कर सात-आठ लोगों को मौके पर बुला लिया।
कुछ ही देर में पहुंचे हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। बताया गया कि हरकेश नामक व्यक्ति ने डंडे से वार कर एसपीओ पदम सिंह का हाथ घायल कर दिया। हाथापाई के दौरान हमलावरों ने एएसआई रणजीत सिंह की वर्दी फाड़ दी और उनकी निजी गाड़ी ब्रेजा को भी नुकसान पहुंचाया।
भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी महेश को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।