गोहाना। गांव बनवासा के पास वीरवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब हरियाणा रोडवेज की एक बस अचानक सड़क किनारे पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक ने सामने आई नीलगाय को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
बस चालक मदन और कंडक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वे दोपहर करीब 2:30 बजे गोहाना से जुलाना के लिए रवाना हुए थे। बनवासा से आगे छपरा मोड़ के समीप अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला और गोहाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल यात्रियों की हालत खतरे से बाहर है और अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कुछ यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।