ऊना, राकेश -:जिला ऊना के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य बाजार में स्थित एक डेली नीड्स (कन्फेक्शनरी) की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब एक लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बाजार की रेकी की थी। इसके बाद मौका पाकर उन्होंने दुकान को निशाना बनाया। बुधवार सुबह जब दुकान का कर्मचारी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। यह देखकर उसने तुरंत दुकान मालिक अभिषेक को फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही दुकान मालिक अभिषेक मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चोर दुकान से नकदी के अलावा कई कीमती सामान भी साथ ले गए हैं।दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक दुकान के अंदर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, जब उन्हें कैमरों का पता चला तो उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक लिए।
पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। वहीं इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।