मंडी, धर्मवीर -:मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत जमनौण गांव में मोबाइल फोन चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर महिला ने पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया। इससे पति लगभग 15 प्रतिशत तक झुलस गया। घायल को नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
जमनौण गांव में बुधवार को पत्नी काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी, जिसे पति ने रोक किया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने रसोई में रखा उबलता हुआ दूध पति के ऊपर फेंक दिया। गर्म दूध पड़ने से पति के चेहरे का कुछ हिस्सा, छाती और पेट झुलस गए। पति के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत को स्थिर बताया और बाद में उसे घर भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया। घायल पति की शिकायत के आधार पर हटली थाना में पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, एसपी मंडी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।