हिमाचल में एलपीजी की नहीं होगी कमी,अफवाहों से बचें लोग: सीएम  सुक्खू

Chandrika
4 Min Read
Summer Express - हिमाचल में एलपीजी की नहीं होगी कमी,अफवाहों से बचें लोग: सीएम  सुक्खू

हमीरपुर, अरविन्द-:हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर  सिंह   ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई जमाखोरी नहीं हो रही है और न ही गैस की कमी होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी इस संबंध में आश्वस्त किया है कि हिमाचल प्रदेश में गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की झूठी अफवाहों पर विश्वास न करें और घबराने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री हमीरपुर में सेरा विश्राम गृह में आयोजित जन समस्याओं के समाधान कार्यक्रम में लोगों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जिन समस्याओं का तुरंत निपटारा संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में सुजानपुर के विधायक  रणजीत  सिंह , जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप  सिंह पठानिया , डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कुछ लोग प्रदेश में एलपीजी गैस की कमी को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि गैस की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है और प्रदेशवासियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जय  राम  ठाकुर  के हालिया बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के भीतर कई गुट सक्रिय हैं और जयराम ठाकुर अपने गुट को मजबूत करने के लिए लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के कुछ नेता केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते रहते हैं, जबकि प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल  सिंह  चीमा  के बयान को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब के वित्त मंत्री को हिमाचल प्रदेश के बारे में पूरी और सही जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में वेतन और पेंशन से जुड़े मामलों को लेकर गलत तथ्य प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जो उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स और एनवायरमेंट टैक्स सरकार सीधे तय नहीं करती। यह प्रक्रिया नीलामी के माध्यम से होती है, जिसमें निर्धारित नियमों के तहत टैक्स तय किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है और पहले पूरी जानकारी हासिल करना जरूरी है।पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पर्यटन और जलविद्युत परियोजनाएं अहम भूमिका निभाती हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और आतिथ्य के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी पर्यटकों का हिमाचल आने के लिए स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *