Summer express, अंबाला। शादी के केवल तीन माह बाद ही एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल के चार सदस्यों पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणी करने के विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हिमांशी, जंडली निवासी, ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 6 दिसंबर 2025 को अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित एक होटल में हिंदू रीति-रिवाज से तजिंदर सिंह के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष द्वारा महंगे समारोह और दहेज की लगातार मांग की जा रही थी, जिसके कारण उसके परिवार को लाखों रुपये खर्च करने पड़े। रोका, शगुन और रिंग सेरेमनी सहित विवाह के विभिन्न कार्यक्रमों में परिवार ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए।
शादी के बाद विवाहिता ने बताया कि ससुराल में उसका व्यवहार बदल गया और उसे कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे। आरोप है कि सास, ससुर, पति और ननद ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसे रसोई तक जाने से रोका। उसके पति ने कनाडा में मकान खरीदने के लिए उसके मायके वालों से 2 करोड़ रुपये की मांग की, जो पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इसके अलावा पति पर जबरन संबंध बनाने और अप्राकृतिक कृत्य करने के आरोप भी लगाए गए।
मारपीट के बाद विवाहिता को मायके भेज दिया गया और पति कनाडा लौट गया। पुलिस ने जांच के बाद थाना सेक्टर-9, अंबाला में तजिंदर सिंह, ससुर कंवलजीत सिंह, सास कंवलजीत कौर और ननद जसप्रीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।