Summer express, अमृतसर। पंजाब में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य में बारिश की संभावना नहीं है और किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंडक बढ़ने लगी है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
नौ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और लुधियाना में बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर करवा चौथ के दिन भी देखने को मिल सकता है। यदि आसमान में बादल छाए रहते हैं, तो महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन करने में परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले आज और कल राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
फरीदकोट में सबसे अधिक तापमान दर्ज
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। सोमवार को फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर का 28.5 डिग्री, लुधियाना का 30.4 डिग्री और पटियाला का 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। वहीं, पठानकोट में 29.6 डिग्री, बठिंडा में 30.5 डिग्री और जालंधर में 29.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।