Shimla- हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर्यटकों से हिमाचल आने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 की भारी बारिश के दौरान भी राज्य सरकार ने हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला था और अब सभी विभाग अलर्ट पर हैं। उन्होंने आगंतुकों से अपील की कि वे नदी-नालों से दूर रहें और सुरक्षित पर्यटन स्थलों का आनंद लें। सुक्खू ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून के मौसम में भी हिमाचल एक सुरक्षित गंतव्य है।‘
संविधान हत्या दिवस’ सिर्फ राजनीतिक नौटंकी: CM सुक्खू का BJP पर हमला
मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा द्वारा मनाए जा रहे ‘संविधान हत्या दिवस’ को सिरे से खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस संविधान के दम पर भाजपा सत्ता में आई, आज वही पार्टी उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कांग्रेस को संविधान की रक्षक बताते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की नींव कांग्रेस ने रखी थी और आगे भी उसकी रक्षा करती रहेगी। सुक्खू ने भाजपा पर संविधान के नाम पर महज़ राजनीतिक नौटंकी करने का आरोप लगाया।
प्रतिभा सिंह को फिर से अध्यक्ष बनाए जाने पर आपत्ति नहीं: सुक्खू
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि उन्हें प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष पद पर बने रहने पर कोई आपत्ति नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने अपने कार्यकाल में अच्छा काम किया है और यदि पार्टी हाईकमान उन्हें दोबारा यह ज़िम्मेदारी देता है, तो वे इसका समर्थन करेंगे।