Summer express,महेंद्रगढ़ । राज्य सरकार ने प्रदेश के 23 जिलों के 23 गांवों में 24 घंटे लगातार पेयजल उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस योजना के तहत प्रत्येक जिले से एक-एक गांव को चुना गया है, जहां जल जीवन मिशन के तहत तकनीकी सुधार और प्रबंधन संबंधी उपाय करके पूरे दिन जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव को इस योजना के लिए चुना गया है। यहां पहले से ही वाटर टैंक मौजूद हैं और अधिकांश घरों में नल लगे हुए हैं। अब जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन घर-घर जाकर सर्वे करेगा और जिन घरों में नल पर टोटी नहीं है, वहां उसे स्थापित कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को पानी की बचत और जिम्मेदार उपयोग के लिए जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 28,41,428 और शहरी क्षेत्रों में 9,95,691 पेयजल उपभोक्ता हैं। महेंद्रगढ़ जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 1,53,845 उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठाएंगे।
जनस्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को सभी जिलों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति तय करने की योजना बनाई है। अधिकारी ने बताया कि 11 मार्च तक छह जिलों ने गांवों की सूची नहीं भेजी थी, जिसके बाद उन्हें जल्द सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। अब सभी 23 जिलों से चयनित गांवों की सूची तैयार हो चुकी है।
हरियाणा में चयनित गांव और जिले:
अंबाला-टेपला, भिवानी-रूपाना, चरखी दादरी-नोरंगाबास राजपूतान, फरीदाबाद-बहादुरपुर, फतेहाबाद-उदयपुर, गुरुग्राम-खेड़ा, हांसी-मोहला, हिसार-फ्रांसी, झज्जर-लंगरपुर/देसलपुर, जींद-सुंदरपुरा, कैथल-सलीमपुर महमूद, करनाल-यूनिसपुर, कुरुक्षेत्र-अरुनाई/रामगढ़ रोर, महेंद्रगढ़-सिगड़ी, नूंह-खोरी खुर्द, पलवल-रसूलपुर, पंचकूला-बरवाला, पानीपत-थिराना, रेवाड़ी-साबन, रोहतक-सिंहपुरा खुर्द, सिरसा-नकोरा, सोनीपत-नहरा और यमुननगर-अलाहर।
अमित जैन, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग महेंद्रगढ़ ने बताया कि सिगड़ी गांव में पहले से मौजूद वाटर टैंक और नलों का सर्वे किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सुधार किया जाएगा और ग्रामीणों को पानी की जिम्मेदार खपत और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।