Summer Express, गुरुग्राम | गुरुग्राम के सोहना चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग प्रोजेक्ट का उद्घाटन होने के तीन महीने बाद भी इसे आम जनता के लिए शुरू नहीं किया जा सका है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 30 दिसंबर को उद्घाटन किए जाने के बावजूद पार्किंग का संचालन अब तक ठप पड़ा है, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, गुरुग्राम नगर निगम पार्किंग के संचालन और रखरखाव के लिए अब तक कोई एजेंसी तय नहीं कर पाया है। इंजीनियरिंग विंग चार बार टेंडर जारी कर चुका है, लेकिन कड़ी शर्तों के चलते किसी भी एजेंसी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। अब निगम प्रशासन टेंडर शर्तों में बदलाव कर नई आरएफपी जारी करने की तैयारी कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द संचालन शुरू किया जा सके।
यह छह मंजिला पार्किंग सदर बाजार के पास शहर के व्यस्त इलाके में बनाई गई है। परियोजना में भूतल और पहली मंजिल पर व्यावसायिक दुकानों का भी निर्माण किया गया है, जिन्हें लीज पर देने की योजना है। पार्किंग में तीन भूमिगत तल बनाए गए हैं, जहां वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
करीब 55.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पार्किंग में 206 कारों और 190 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है। बावजूद इसके, समय पर संचालन शुरू न होने से यह परियोजना फिलहाल बेकार साबित हो रही है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग चालू होने से सदर बाजार, रेलवे रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिल सकती है। फिलहाल सड़कों के किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में लोग इस सुविधा के जल्द शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।