Summer Express,झज्जर | झज्जर जिले के डीघल में हुए फाइनेंसर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम को झज्जर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दबोच लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश निवासी शिवम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, झज्जर पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गाजियाबाद में दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के समय शिवम को रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर झज्जर लाया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण सिविल अस्पताल में कराया गया।
इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में शिवम की इस हत्या में प्रत्यक्ष भूमिका सामने आई है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए पूछताछ जारी है।
झज्जर पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि डीघल क्षेत्र में फाइनेंसर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही थीं। इस गिरफ्तारी को जांच में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे केस को सुलझाने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।