Summer Express, सोनीपत | सोनीपत के खरखौदा शहर स्थित दिल्ली चौक पर रविवार तड़के एक हार्डवेयर की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
दुकान के अंदर रखे पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे प्रतिष्ठान को घेर लिया, जिससे अंदर रखा हार्डवेयर का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान की छत का एक हिस्सा भी गिर गया।
दुकान मालिक संजीव उर्फ कालू ब्रेजा के मुताबिक इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग तेजी से फैलने से आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई और उन्होंने एहतियात के तौर पर अपना सामान बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।