Summer Express,यमुनानगर। खंड प्रतापनगर के ताजेवाला गांव में रविवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने दो छानों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजुल ने अपने पशुओं को रखने और भूसा संग्रह के लिए गांव के बाहरी हिस्से में छान बनाए हुए थे। दोपहर के समय अचानक एक छान में आग लग गई। उस समय चल रही तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई पास में बने दूसरे छान तक पहुंच गई और दोनों छाने देखते ही देखते जलकर राख हो गए। आग की चपेट में भूसा, कृषि उपकरण और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना के समय छानों के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति और कुछ पशु मौजूद थे। आग लगते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग और पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही देर में आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों छानों में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वे वर्तमान में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।