हिसार | ऐलनाबाद हलके के गुडियाखेड़ा गांव में पिछले 20 दिनों से हिसार घग्गर ड्रेन का पानी खड़ा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन कठिन हो गया है। पानी की निकासी न होने के कारण अब यह उनके खेतों और ढाणियों तक पहुंच गया है, और करीब 20 घर प्रभावित हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की सुरक्षा को देखते हुए कई लोग अपने घरों से पलायन कर चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीण मिलकर राहत कार्य कर रहे हैं। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रालियों और मिट्टी के बैरिकेड्स की मदद से पानी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार बढ़ते पानी के कारण काम में बाधा आ रही है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि लगभग 800 एकड़ फसल जलमग्न हो चुकी है और काफी फसलें खराब हो गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पानी निकासी सुनिश्चित करने और उचित मुआवजे की मांग की है।
सिरसा के एसडीएम राजेंद्र कुमार ने मंगलवार को घग्गर नदी और हिसार घग्गर ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, नदी पर निगरानी के लिए टीमें तैनात हैं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग के कारण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।