summer express , गुरुग्राम। सेक्टर-14 के आचार्यपुरी इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। डेढ़ लाख रुपये की उधारी वापस लेने पहुंचे एक पूर्व सैनिक ने अपने परिचित पीजी संचालक के माथे पर लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के समय मृतक की पत्नी, बच्चे और एक दोस्त भी मौके पर मौजूद थे।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय हेमंत कौशिक के रूप में हुई है। वह अपने मकान की तीसरी मंजिल पर पेइंग गेस्ट (पीजी) का संचालन करने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करता था। पुलिस के अनुसार, शाम करीब सात बजे भिवानी के बामला निवासी अमरजीत ग्रेवाल उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि अमरजीत ने हेमंत को डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे और वह रकम वापस मांगने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर में पहुंचते ही आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल मेज पर रख दी और हेमंत से पैसे लौटाने को कहा। उस समय हेमंत के पास रकम नहीं थी, इसलिए उसने आरोपी से आठ दिन की मोहलत मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के महज कुछ मिनट बाद अमरजीत ने पिस्तौल उठाकर हेमंत के माथे पर गोली चला दी।
घटना के समय कमरे में हेमंत की पत्नी, उसकी दो बेटियां, एक बेटा और उनका साझा मित्र ललित मौजूद था। गोली लगने के बाद हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मकान की निचली मंजिल पर हेमंत की मां और छोटा भाई रहते हैं।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के अनुसार, आरोपी अमरजीत वर्ष 2025 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। इसके बाद वह ब्याज पर रकम देने और फाइनेंस का काम करने लगा था। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि अमरजीत और हेमंत के बीच वर्ष 2021 से करीब 6 से 6.5 लाख रुपये का लेनदेन रहा है।
मृतक के परिचितों ने आरोप लगाया है कि अमरजीत उधार दी गई रकम पर 20 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से ब्याज वसूल करता था। उनका कहना है कि भारी ब्याज के कारण हेमंत पर आर्थिक दबाव था। हालांकि पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ब्याज की वास्तविक दर और बकाया रकम की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, वह पहले बस से भिवानी से गुरुग्राम आया था और घटना के बाद ऑटो लेकर दिल्ली-बहादुरगढ़ सीमा की तरफ निकल गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं और बुधवार सुबह उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद करने के साथ ही लेनदेन, कथित ब्याज और वारदात के पीछे के अन्य कारणों की जांच करेगी।