Summer Express, कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में असंध रोड पर राजौंद के पास नहर के नजदीक देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सेरधा निवासी सुनील (50) समेत कई लोग दिनभर खेतों में तूड़ी का काम खत्म कर ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जैसे ही उनका ऑटो राजौंद के पास नहर क्षेत्र में पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में बलकार सिंह, पवन, कुलदीप, राजेश, नवाब सिंह, जोनी, प्रवीन और शमशेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं जोनी को रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शमशेर सिंह की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिसकी टांग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। कार चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।