गुरुग्राम में भीषण आग: 20 झुग्गियां जलकर खाक, समय रहते टला बड़ा हादसा

Karuna
2 Min Read
Summer Express - गुरुग्राम में भीषण आग: 20 झुग्गियां जलकर खाक, समय रहते टला बड़ा हादसा

Summer express, गुरुग्राम  | गुरुग्राम के सेक्टर 37डी क्षेत्र में देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें करीब 20 झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। यह घटना आधी रात के बाद की बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते झुग्गियों में रखा घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर खाक हो गईं, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। सेक्टर-37, भीम नगर, सेक्टर-29 और उद्योग विहार स्थित फायर स्टेशनों से छह से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की अन्य झुग्गियों तक फैलने से रोक लिया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या खुले में जल रही किसी आग की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। फिलहाल संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।

सेक्टर-37 फायर स्टेशन के लीडिंग फायरमैन जसपाल गुलिया ने बताया कि दमकल टीम ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में किसी व्यक्ति या पशु के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *