चंडीगढ़ | उत्तर भारत के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिला दी। पंजाब के अधिकांश जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मूसलधार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। कई शहरों में तापमान 30 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
अगले कुछ दिन मौसम रहेगा मेहरबान
भारतीय मौसम विभाग ने आगामी 3-4 दिनों के लिए पंजाब समेत कई राज्यों में यैलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
29 जून को तेज बारिश का पूर्वानुमान
विशेष रूप से 29 जून को पंजाब में व्यापक स्तर पर तेज बारिश की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।