Summer express,गोहाना | पानीपत रोड स्थित कश्यप चौक के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो पानीपत जिले के गांव बुडशाम का रहने वाला था। पुलिस को मौके से उसकी बाइक भी बरामद हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एक राहगीर ने सड़क पर शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी थी।परिजनों के मुताबिक, राजेश पानीपत में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और वह अपने दोस्त के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गोहाना आया था।
परिवार ने आशंका जताई है कि रास्ते में बाइक के सामने कोई पशु आ जाने से वह अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।