सोहना | सोहना के भीम बाग इलाके में 6 अक्टूबर की रात एक दुखद घटना हुई, जब ढाई साल की मासूम बच्ची को अज्ञात व्यक्ति ने किडनैप कर लिया। घटना के समय बच्ची का पिता बारिश के डर से पार्क में घास काटने वाली मशीन को अंदर रखने गया था, जबकि बच्ची अपनी मां के पास सो रही थी।
बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद माता-पिता ने तुरंत भीम बाग वाटिका के मालिक और सोहना सिटी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर तीन विशेष टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की सक्रियता और जांच के बाद मासूम बच्ची को फरीदाबाद जिले के आलमपुर गांव से सुरक्षित बरामद कर, माता-पिता के हवाले कर दिया गया। बच्ची के पिता ने भीम बाग वाटिका के मालिक और सोहना सिटी थाना पुलिस की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने किडनैपर की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी तक पहुंचने के लिए सभी सुरागों की जांच की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे घटनाओं को रोका जा सके।