जम्मू-कश्मीर | जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा खराब मौसम के चलते तीन दिन स्थगित रहने के बाद बुधवार सुबह फिर से शुरू हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी एक दिन के निलंबन के बाद यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। दो दिन के बंद रहने के बाद जम्मू और आसपास के सभी सरकारी तथा निजी स्कूल बुधवार से फिर से खुल गए।
माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार सुबह छह बजे सभी पंजीकरण काउंटर खुलने के साथ ही तीर्थयात्रा फिर से शुरू हो गई। श्रद्धालु आधार शिविर कटरा से मंदिर के लिए रवाना हो रहे हैं और यात्रा सुचारू रूप से जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी इलाकों में व्यापक वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण पांच से सात अक्टूबर तक किश्तवाड़ जिले में मचैल माता यात्रा तथा मंदिर की यात्रा स्थगित कर दी गई थी। मौसम में सुधार के साथ बुधवार सुबह मचैल माता यात्रा भी पुनः शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलनों के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन भर यातायात बंद रहा। हालांकि, अब राजमार्ग पर हल्के मोटर वाहनों के लिए एकतरफा यातायात की अनुमति दी गई है। जम्मू और श्रीनगर के बीच वैकल्पिक मार्ग किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग अभी भी सिंथन टॉप पर बर्फ जमने के कारण बंद है। वहीं, मुगल रोड पर पीर की गली में बर्फ साफ कर दी गई है और यह मार्ग हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा के दौरान मौसम अपडेट और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें ताकि तीर्थयात्रा सुरक्षित और आरामदायक बनी रहे।