Summer express,यमुनानगर । जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश नंबर की अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना प्रतापनगर के बहादुरपुर गांव के पास हुई। गांव बहादुरपुर निवासी तरुण (पुत्र कीर्तन पाल) और उसका दोस्त गौरव सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
इसी दौरान एक स्थानीय स्कूल के मैनेजर सतीश कुमार वहां से गुजर रहे थे और स्कूटी रोककर युवकों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि तभी मुख्य सड़क की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हिमाचल नंबर की कार चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और दोनों युवकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। तरुण के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक ने कुछ देर के लिए वाहन रोका, लेकिन मौके पर भीड़ बढ़ती देख वह कार सहित फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौरव की हालत नाजुक होने पर उसे पहले यमुनानगर सिविल अस्पताल और फिर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सतीश कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।