Summer express/ ऊना, राकेश -:हिमाचल प्रदेश के ऊना में पुराना होशियारपुर रोड के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झुग्गियां जलकर राख हो गईं। घटना के समय अधिकांश मजदूर गेहूं की कटाई के लिए बाहर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन उनका सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। झुग्गियों में रहने वाले मजदूरों ने बताया कि आग अचानक लगी और कुछ ही देर में सब कुछ खत्म हो गया। उनके पास अब न रहने के लिए ठिकाना बचा है और न ही रोजमर्रा का सामान।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है और राहत कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी।इस दर्दनाक घटना के बाद वहां मौजूद मजदूरों और उनके छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन आंखों में कभी उम्मीद थी, अब उनमें अपने उजड़े आशियाने का दर्द साफ झलक रहा है।