Summer express/हरियाणा-:हरियाणा की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को लेकर दिए गए बयान पर वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न केवल रेखा शर्मा के बयान की आलोचना की, बल्कि पार्टी नेतृत्व को भी खुली चुनौती दे दी।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि रेखा शर्मा राजनीति में अभी नौसिखिया हैं और उनका बयान उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल जैसे दिग्गज नेता पर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि यदि रेखा शर्मा ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी तो यह विवाद आगे बढ़ सकता है।उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर भी निशाना साधा। बिश्नोई ने आरोप लगाया कि बड़ौली ने भी एक कार्यक्रम के दौरान भजनलाल का नाम सम्मानजनक तरीके से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नेता का नाम लेते समय सम्मान बनाए रखना जरूरी होता है, जो इस मामले में नहीं दिखा।
बिश्नोई ने अपने राजनीतिक योगदान का भी जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने में उनका अहम रोल रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में दो बार सरकार बनने में उनकी भूमिका रही है और अगर पार्टी में इसी तरह का रवैया जारी रहा तो भविष्य में नुकसान हो सकता है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उन्हें मजबूर न किया जाए, वरना वे स्थिति को बदलने की क्षमता रखते हैं।उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोगों को उनकी औकात से ज्यादा मिल गया है, जिसे संभाल पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। बिश्नोई ने रेखा शर्मा को राज्यसभा जैसे महत्वपूर्ण पद की गरिमा बनाए रखने की सलाह दी।अपने बयान में बिश्नोई ने खुद को पार्टी का अनुशासित सिपाही बताते हुए कहा कि वह संगठन के भीतर रहकर ही अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि रेखा शर्मा से माफी मंगवाई जाए और मोहनलाल बड़ौली को भी वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक भाषा का उपयोग करने के निर्देश दिए जाएं।अंत में बिश्नोई ने कहा कि यह मुद्दा यहीं खत्म नहीं होगा यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अपने पुराने तेवर दिखाते हुए कहा कि वह अब भी वही ‘बब्बर शेर’ हैं और जरूरत पड़ने पर कड़ा रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे।