Summer express/शिमला-: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में सफल सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों की सराहना करते हुए इसे उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की मेहनत ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों के मार्गदर्शन और सहयोग का भी प्रतिफल है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी सफलता के पीछे खड़े इन सभी लोगों के योगदान को सदैव याद रखें।युवाओं को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, ईमानदारी और दृढ़ निष्ठा आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित कर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।मुख्यमंत्री ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अपने प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।