अंबाला में हीट वेव का असर, 41 डिग्री तक पहुंचा तापमान, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

Chandrika
4 Min Read
Summer Express - अंबाला में हीट वेव का असर, 41 डिग्री तक पहुंचा तापमान, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

अम्बाला -:उत्तर भारत में अब गर्मी ने अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाओं का असर हरियाणा में साफ दिखाई दे रहा है और अंबाला भी इसकी चपेट में आ चुका है। पिछले दो से तीन दिनों में तापमान में अचानक बढ़ोतरी होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अंबाला का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते लोग दोपहर के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं।

अंबाला के बाजारों और सड़कों पर भीषण गर्मी का असर साफ देखने को मिला। दोपहर के समय आम दिनों की तुलना में बाजार काफी खाली नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं और गर्मी से बचने के लिए मुंह व सिर को कपड़े से ढककर चल रहे हैं। कई लोग गन्ने का जूस, नींबू पानी और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो और गर्मी से कुछ राहत मिल सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि मई के शुरुआती दिनों तक मौसम सुहावना बना हुआ था, जिससे उन्हें उम्मीद थी कि इस बार गर्मी कम पड़ेगी। लेकिन 15 मई के बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों में गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि दिन के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में वे केवल जरूरी काम के लिए ही बाहर जा रहे हैं।

गर्मी का असर केवल लोगों की दिनचर्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार तेज गर्मी और लापरवाही के कारण डायरिया, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लोग बाहर का खाना खाने और गंदा पानी पीने से बीमार हो रहे हैं।नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी के डॉक्टर निखिल बंसल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस मौसम में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक बहुत जरूरी न हो, लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना पड़े तो सिर और मुंह को कपड़े से ढककर निकलें और समय-समय पर पानी, जूस या अन्य तरल पदार्थ लेते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।डॉक्टरों ने यह भी सलाह दी कि लोग तली-भुनी चीजों और बाहर के खाने से परहेज करें। गर्मी में खराब खानपान और दूषित पानी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि तेज गर्मी का असर उन पर जल्दी पड़ता है।

फिलहाल मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। अंबाला में बढ़ती गर्मी ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में लोगों को हीट वेव का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए समय रहते सावधानी ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *