चंडीगढ़ | हरियाणा के प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग की हाई पावर परचेज कमेटी ने सरकारी कामकाज में उपयोग होने वाले कागज की खरीद से जुड़े 1 करोड़ 95 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित कमेटी की अहम बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी राज्य मंत्री राजेश नागर ने की। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे। बैठक में टेंडर प्रक्रिया के तहत इच्छुक कंपनियों ने अपनी संक्षिप्त प्रस्तुतियां दीं, जिन पर मंत्रियों और विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
गहन चर्चा और गुणवत्ता मानकों की समीक्षा के बाद उपयुक्त कंपनी का चयन करते हुए पेपर खरीद प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य के सरकारी कार्यालयों में इस्तेमाल होने वाले कागज की गुणवत्ता और मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आयुक्त एवं सचिव विजय सिंह दहिया और नियंत्रक विवेक पद्म सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।