Summer express, रेवाड़ी। केमिकल फैक्टरी में 19 मई को लगी भीषण आग के बाद लापता कर्मचारियों के परिवारों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। हादसे के पांच दिन गुजर जाने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से परिजनों का धैर्य जवाब देने लगा है। शनिवार सुबह एक लापता कर्मचारी की पत्नी अपने पति के बारे में कोई सूचना नहीं मिलने पर बिलख पड़ी, जिसका दर्द देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
महिला रोते हुए बार-बार अपने पति के बारे में जानकारी मांगती रही और कहती रही कि “एक बार मेरे पति की सूरत तो दिखा दो।” उसकी चीख-पुकार सुनकर वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने परिवार को संभालने की कोशिश की, लेकिन अपनों की तलाश में भटक रहे परिजनों का दर्द लगातार बढ़ता जा रहा है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि हादसे के बाद से वे लगातार अपने लापता सदस्यों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। कभी थाने में जानकारी लेने जाना पड़ रहा है तो कभी अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई बार फैक्टरी के बाहर घंटों इंतजार करने के बावजूद उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिल पा रहा।
परिजनों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से वे तनाव और अनिश्चितता के बीच दिन-रात गुजार रहे हैं। परिवार के लोग भूखे-प्यासे अपने प्रियजनों की एक झलक पाने की उम्मीद में लगातार प्रशासन और कंपनी से जानकारी मांग रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक लापता कर्मचारियों की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है।
घटना के बाद से परिजनों में भारी नाराजगी और बेचैनी का माहौल है। उनका कहना है कि प्रशासन और फैक्टरी प्रबंधन को जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि परिवारों की चिंता कम हो सके। वहीं हादसे के कई दिन बाद भी जारी असमंजस ने पीड़ित परिवारों के दर्द को और गहरा कर दिया है।