Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला। रेलवे की ओर से आयोजित 19वें रोजगार मेला 2026 में अंबाला के 120 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर अंबाला रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद भाटिया ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में रेलवे विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
रोजगार मेले के दौरान चयनित युवाओं और उनके परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम विनोद भाटिया ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं के लिए सरकारी सेवा में आने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर में रोजगार मेलों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ देश के विकास में भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
डीआरएम ने नव नियुक्त कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवे देश की जीवनरेखा है और इसमें कार्य करने वाले कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने विचार साझा किए और कहा कि सरकारी नौकरी मिलना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। अंत में सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।