Summer express, गुरुग्राम। गुरुग्राम जिला अदालत के रिकॉर्ड रूम में लगी भीषण आग के बाद सोमवार को न्यायिक व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए 21 अदालतों का संचालन अस्थायी रूप से लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस से किया गया। आग की घटना के बाद प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था तेजी से लागू की, ताकि अदालतों का कामकाज सुचारु रूप से जारी रह सके।
अदालत से जुड़े जरूरी दस्तावेज और बचा हुआ रिकॉर्ड वाहनों के माध्यम से रेस्ट हाउस परिसर में पहुंचाया गया। यहां अस्थायी कोर्ट रूम तैयार कर सुनवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। दिनभर वकीलों, पक्षकारों और आम लोगों की आवाजाही बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेस्ट हाउस परिसर में करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अदालत में पेशी पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई, जहां उन्हें संबंधित अदालत और कोर्ट नंबर की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन का कहना है कि रिकॉर्ड रूम में लगी आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही अदालतों के नियमित संचालन को जल्द सामान्य करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।