Summer express, सुन्दर कुंडू , नई दिल्ली। ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स चयन ट्रायल में हिस्सा लेने को लेकर सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें विनेश को ट्रायल में भाग लेने से रोकने की मांग की गई थी।
जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने साफ किया कि विनेश फोगाट 30 और 31 मई को दिल्ली में होने वाले चयन ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगी। इन ट्रायल्स के आधार पर सितंबर में जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 मई को अपने आदेश में विनेश फोगाट को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी थी। हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि पूरी चयन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में ट्रायल आयोजित किए जाएं।
दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच, जिसमें चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया शामिल थे, ने विनेश की अपील पर सुनवाई करते हुए यह राहत दी थी। दरअसल, इससे पहले सिंगल बेंच ने उनकी याचिका पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था।
विनेश फोगाट ने अपनी याचिका में WFI की चयन नीति और उनके खिलाफ जारी शो-कॉज नोटिस को चुनौती दी थी। उन्होंने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए जाने की मांग भी उठाई थी।
गौरतलब है कि विनेश फोगाट ने 2024 के पेरिस ओलिंपिक में अपना आखिरी मुकाबला खेला था। उन्होंने 50 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल से पहले वजन तय सीमा से 100 ग्राम अधिक पाए जाने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने 8 अगस्त 2024 को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था।
हालांकि, 12 दिसंबर 2025 को विनेश ने संन्यास से वापसी की घोषणा करते हुए कहा था कि वह 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। वर्तमान में वह हरियाणा के जींद जिले की जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक भी हैं।