Summer express, फतेहाबाद | फतेहाबाद के भूना में युवक सचिन की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टोहाना सीआईए प्रभारी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं, भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश का तबादला कर उन्हें इकोनॉमिक सेल में भेज दिया गया है। जिले की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने यह कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए की है।
पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के तहत इंस्पेक्टर कुलदीप मोर को नया सीआईए इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि भूना थाना की जिम्मेदारी अब बिजेंद्र हुड्डा को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि भूना निवासी सचिन कुमार की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने पहले सचिन का अपहरण किया और बाद में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। इस हत्याकांड का आरोप भांभू गैंग से जुड़े युवकों पर लगाया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रवेश उर्फ मिचू, कार्तिक उर्फ कारु, दीपक उर्फ बिल्ला, संजय उर्फ चिड़ीमार और अमन शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार भूना के वार्ड नंबर-5 निवासी राजबीर सिंह का बेटा सचिन पहले स्थानीय कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहा था। पिछले वर्ष कॉलेज के बाहर हुए विवाद के बाद परिवार ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी थी और वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा था। वह अपने भतीजे के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए घर आया था और घटना के अगले दिन वापस गुरुग्राम लौटने वाला था।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। प्रशासन का दावा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।